UPI In Israel: ग्लोबल हो रहा UPI, अब इजराइल भी जुड़ा भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम से
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:58 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश में रिकॉर्ड लेनदेन के बाद अब यह कई देशों में भी तेजी से विस्तार कर रहा है। इसी कड़ी में अब इजराइल भी भारत के UPI नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच डिजिटल भुगतान सहयोग को लेकर अहम सहमति बनी। इस समझौते के बाद इजराइल में भारतीय पर्यटक और व्यवसायी UPI के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दुनिया में बढ़ता UPI का विस्तार
भारत का UPI सिस्टम देश में सबसे लोकप्रिय भुगतान माध्यम बन चुका है। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में लगभग 57% डिजिटल लेनदेन UPI के जरिए होते हैं। इसे National Payments Corporation of India (NPCI) ने विकसित किया है।
अब तक UPI कई देशों में शुरू हो चुका है या वहां के भुगतान सिस्टम से जोड़ा गया है:
France: 2024 में यूरोप का पहला देश बना, जहां पेरिस के Eiffel Tower पर UPI से टिकट भुगतान की सुविधा शुरू हुई।
United Arab Emirates: 2021 से दुबई सहित प्रमुख रिटेल स्टोर्स में QR कोड से भुगतान संभव।
Bhutan: 2021 में पहला पड़ोसी देश, जहां BHIM ऐप के जरिए UPI भुगतान शुरू हुआ।
Nepal: 2024 में भारत-नेपाल के बीच सीमा-पार UPI लेनदेन शुरू।
Mauritius: 2024 में UPI और RuPay सेवाएं लॉन्च।
Sri Lanka: 2024 में UPI सुविधा शुरू।
Singapore: 2023 से रिटेल स्टोर और पर्यटन स्थलों पर UPI स्वीकार।
Trinidad and Tobago: कैरेबियन क्षेत्र में BHIM ऐप के जरिए भुगतान संभव।
क्या है UPI?
UPI (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) एक रियल-टाइम डिजिटल भुगतान प्रणाली है, जिसके जरिए मोबाइल फोन से तुरंत पैसे भेजे या प्राप्त किए जा सकते हैं। इसमें बैंक अकाउंट नंबर या IFSC कोड की जरूरत नहीं होती—सिर्फ UPI ID, मोबाइल नंबर या QR कोड से लेनदेन हो जाता है। यह सेवा 24×7 उपलब्ध रहती है।
डिजिटल इंडिया पहल के तहत शुरू हुआ यह प्लेटफॉर्म अब भारत की वैश्विक फिनटेक ताकत का प्रतीक बन चुका है।
