मर्सिडीज-बेंज की बिक्री जनवरी-मार्च तिमाही में 7% बढ़कर 5,131 इकाई पर
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 04:22 PM (IST)
नई दिल्लीः जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज की कुल बिक्री जनवरी-मार्च तिमाही में सात प्रतिशत बढ़कर 5,131 इकाई रही। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 4,775 वाहन बेचे थे। वित्त वर्ष 2025-26 मर्सिडीज-बेंज इंडिया के लिए अब तक का सबसे शानदार साल रहा, जिसमें कंपनी ने रिकॉर्ड 19,363 गाड़ियां बेचीं। कंपनी की कुल बिक्री में 27 प्रतिशत हिस्सा सर्वाधिक महंगे मॉडल (टॉप-एंड व्हीकल्स) का रहा, जिनकी कीमत 1.5 करोड़ रुपए से अधिक है।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने बताया कि महंगे लक्जरी पोर्टफोलियो और सर्वाधिक बिकने वाले मॉडल की भारी मांग के कारण यह प्रदर्शन संभव हुआ है। अय्यर ने कहा कि हालांकि पश्चिम एशिया के युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय संकट से बाजार की धारणा प्रभावित हुई है, फिर भी कंपनी भारतीय बाजार को लेकर उत्साहित है और वित्त वर्ष 2026-27 में एक और रिकॉर्ड प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों (बीईवी) के क्षेत्र में भी पकड़ मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में महंगी लक्जरी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में 85 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई।
