GST के दायरे में लाई जाएं तीन करोड़ कंपनियांः सरकार

punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2017 - 03:57 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकार ने कर अधिकारियों को देश की निजी क्षेत्र की छह करोड़ कंपनियों में से तीन करोड़ को जी.एस.टी. के दायरे में लाने को कहा है। अभी एक करोड़ से भी कम निजी कंपनियां जी.एस.टी. के दायरे में हैं। एक आधिकारिक सूत्र ने इस बात की आज जानकारी दी। उसने यह भी कहा कि सरकार ने कर अधिकारियों को आई.टी. प्रणाली में आ रही दिक्कतों को भी दूर करने के लिए कहा है। उसने कहा कि यह लक्ष्य कर अधिकारियों को दो दिन के दूसरे वार्षिक सम्मेलन में दिया गया। इस सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संबोधित किया था।

अभी GST के दायरे में 1 करोड़ कंपनियां 
अधिकारी ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आयकर और कॉरपोरेट कर जैसे प्रत्यक्ष करों को देखने वाले विभाग तथा जी.एस.टी. और सीमा शुल्क जैसे अप्रत्यक्ष करों को देखने वाले विभाग के बीच स्थायी संपर्क प्रणाली एवं तत्काल सूचना का आदान-प्रदान किया जाना महत्वपूर्ण है। उसने कहा कि लक्ष्य को पाने के लिए केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सी.बी.डी.टी.) और केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सी.बी.ई.सी.) के बीच आंकड़ों के आदान-प्रदान की व्यवस्था को परिचालन में लाया जाएगा। सूत्र ने कहा, ‘‘कर आधार बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री ने जी.एस.टी. के दायरे में तीन करोड़ कंपनियों को लाने के लिए कहा है। अभी इस दायरे में करीब एक करोड़ कंपनियां हैं और तीन करोड़ का लक्ष्य हासिल कर पाना संभव है।’’   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News