ट्रंप की यूरोप से कारों के आयात पर 25% शुल्क लगाने की धमकी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 07, 2018 - 01:22 PM (IST)

वॉशिंगटनः राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि अगर आयात शुल्क लगाने के उनके फैसले पर जवाबी कार्रवाई हुई तो अमेरिका व्यापार युद्ध के लिए तैयार है। ट्रंप ने देश में इस्पात के आयात पर 25 प्रतिशत और एल्युमीनियम के आयात पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की थी। अमेरिका का अन्य देशों के साथ व्यापार घाटा करीब 800 अरब डॉलर है। इस बीच, ट्रंप ने यूरोपीय संघ को भी चेताया है। उन्होंने कहा कि यदि यूरोपीय संघ के देशों ने इस मामले में किसी तरह की जवाबी कार्रवाई की, तो वह यूरोप से कारों के आयात पर भी 25 प्रतिशत शुल्क लगा देंगे।   

व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप से जब पूछा कि वह कैसे व्यापार युद्ध की ओर बढऩे से बचेंगे जबकि अन्य देशों ने इस्पात और एल्युमीनियम पर शुल्क को लेकर तीव्र प्रतिक्रिया दी है, इस पर ट्रंप ने कहा, 'हमें देखना होगा।' ट्रंप ने अमेरिका के व्यापार युद्घ के लिए तैयार होने और उसमें जीत के संकेत देते हुए कहा, 'व्यापार युद्ध इतने बुरे नहीं है। क्या आप समझते हैं इसका मतलब क्या है? जब व्यापार घाटा 30 अरब, 40 अरब, 60 अरब या 100 अरब डॉलर होगा, तो व्यापार युद्ध उन्हें (अन्य देशों) नुकसान पहुंचाएगा न की हमें। खैर देखते हैं कि क्या होता है।' उन्होंने कहा, 'कुछ मामलों में हम व्यापार के साथ- साथ सैन्य मोर्चे पर भी नुकसान उठा रहे हैं, जहां हम उन्हें काफी सब्सिडी दे रहे हैं। इसलिए हमें न सिर्फ व्यापार मोर्चे पर घाटा होता है बल्कि सैन्य मोर्चे पर भी नुकसान होता है। हम इसे सही करने जा रहे हैं और इसे अच्छे तरीके से करेंगे।'

ट्रंप ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि इस्पात और एल्युमीनियम शुल्क में किसी भी देश को विशेष छूट नहीं देने का फैसला किया गया है। ट्रंप ने जोर देते हुए कहा, 'व्यापार में हमें सालाना 800 अरब डॉलर का घाटा हुआ है। हमारे देश का हर किसी ने फायदा उठाया है। हम इसे जारी रहने नहीं दे सकते-- न ही अपनी कंपनियों के लिए और उससे ज्यादा अपने श्रमिकों के लिए। इसलिए हम ऐसा नहीं होने देंगे।' वहीं, ट्रंप ने यूरोपीय संघ की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए यूरोप से कारों के आयात पर 25 प्रतिशत कर लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर यूरोपीय संघ ने उसके आयात शुल्क के फैसले का प्रतिकार किया तो वह यूरोप से कारों के आयात पर टैक्स लगाएगा। ट्रंप की घोषणा के बाद से यूरोपीय संघ ने अमेरिका के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया हुआ है। ट्रंप ने स्वीडन के प्रधानमंत्री स्टेफान ल्योव्हेन के साथ संयुक्त व्हाइट हाउस संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News