महामारी का असर घटते ही निर्यात में दिखा उछाल, आयात बढ़ने से व्‍यापार घाटे में भी हुई वृद्धि

punjabkesari.in Friday, Jun 03, 2022 - 10:38 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश का वस्तुओं का निर्यात मई में 15.46 प्रतिशत बढ़कर 37.29 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को आंकड़े जारी कर इसकी जानकारी दी। मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पाद (52.71 फीसदी), इलेक्ट्रॉनिक्स सामान (41.46 फीसदी) और टेक्सटाइल क्षेत्र (22.94 फीसदी) का प्रदर्शन अच्छा रहने से निर्यात बढ़ा है। गौरतलब है कि मई 2021 में व्यापार घाटा 6.53 अरब डॉलर रहा था।

मई में आयात 56.14 प्रतिशत बढ़कर 60.62 अरब डॉलर रहा है। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, “देश का वस्तुओं का निर्यात अप्रैल-मई, 2022-23 में 22.26 फीसदी बढ़कर 77.08 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष के पहले दो माह में निर्यात का आंकड़ा 63.05 अरब डॉलर रहा था।”

कच्चे तेल का आयात बढ़ा
मई 2022 में पेट्रोलियम और कच्चे तेल का आयात 91.6 प्रतिशत उछलकर 18.14 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान कोयला, कोक और ब्रिकेट्स का आयात बढ़कर 5.33 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले साल के समान महीने में दो अरब डॉलर रहा था। समीक्षाधीन महीने में सोने का आयात बढ़कर 5.82 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो मई 2021 में 67.7 करोड़ डॉलर रहा था।

व्यापार घाटा बढ़ा
इस दौरान व्यापार घाटा भी बढ़कर 23.33 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल मई के महीने में व्यापार घाटा 6.52 अरब डॉलर था। इसका एक कारण यह था कि कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत ने दूसरे देशों से आयात कम किया था। जारी वित्त वर्ष के पहले 2 महीनों में भारत का निर्यात 22.26 फीसदी बढ़कर 77.08 अरब डॉलर रहा। वहीं. आयात 42.35 फीसदी बड़कर 120.81 अरब डॉलर पहुंच गया।

गैर-पेट्रोलियम उत्पाद
इस साल मई में गैर-पेट्रोलियम उत्पादों का आयात 44.7 फीसदी बढ़कर 42.48 अरब डॉलर हो गया था। यह पिछले साल मई में 29.36 अरब डॉलर था। वहीं, तेल, गोल्ड, सिल्वर और बहुमूल्य मेटल के अलावा अन्य उत्पादों के आयात में 27.2 फीसदी का उछाल देखने को मिला। बीते महीने इनका आयात 33.61 अरब डॉलर पर रहा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News