अमेरिका ने भारत को दी बड़ी राहत, रूस से तेल खरीद पर लगा 25% अतिरिक्त शुल्क हटाया
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 12:09 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को खत्म करने का ऐलान किया है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि भारत ने रूस से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से तेल आयात रोकने की प्रतिबद्धता जताई है और राष्ट्रीय सुरक्षा व आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ तालमेल बढ़ाने के लिए अहम कदम उठाए हैं।
ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर बढ़ेगा फोकस
ट्रंप ने अपने आदेश में कहा कि भारत ने अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने की सहमति दी है और दोनों देशों ने अगले 10 वर्षों के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाने के ढांचे पर भी सहमति जताई है। इन कदमों को अमेरिका ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक प्रगति माना है।
भारत पर अमेरिकी टैरिफ में बड़ी कमी
अमेरिका ने पहले भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसमें 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क और रूस से तेल खरीद के कारण लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क शामिल था। हालिया फैसले के बाद रूस से जुड़े अतिरिक्त टैरिफ पूरी तरह हट गए हैं और पहले घटाए गए जवाबी शुल्क के साथ अब भारतीय वस्तुओं पर कुल अमेरिकी टैरिफ 18 प्रतिशत रह गया है, जिससे भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिल सकती है।
