गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 250 से ज्यादा अंक फिसला
punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 09:29 AM (IST)
मुंबईः भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (14 नवंबर) को गिरावट के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स 294.67 (0.35%) अंक गिराकर 84,184 पर कारोबार करता दिखा जबकि निफ्टी में 78.05 अंक की गिरावट आई है, ये 25,801 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स सुबह 8 बजे 61 अंक की गिरावट लेकर 25,861 पर था। यह प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 के गिरावट में खुलने का संकेत देता है। निवेशक आज घोषित होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
Global Markets
वॉल स्ट्रीट की कमजोरी के चलते एशियाई बाजारों में गिरावट देखने को मिली। टेक्नोलॉजी शेयरों पर नए सिरे से दबाव बढ़ा और फेडरल रिजर्व की संभावित दर कटौती को लेकर अनिश्चितता बनी रही। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.5 प्रतिशत नीचे था। दक्षिण कोरिया का KOSPI 2.03 प्रतिशत गिरा और हांगकांग का हैंग सेंग 1.23 प्रतिशत नीचे था।
अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। एआई से जुड़े शेयरों में गिरावट ने बाज़ार पर दबाव बढ़ा दिया और वैल्यूएशन को लेकर चिंताएं बनी रहीं। S&P 500 में 1.7 प्रतिशत की गिरावट आई। नैस्डैक कम्पोज़िट 2.3 प्रतिशत टूटा और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.7 प्रतिशत गिरा।
