Pizza Hut Sold: खत्म हुआ Pizza Hut का युग, 2.7 अरब डॉलर में बिकी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 06:06 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया की मशहूर पिज्जा चेन Pizza Hut अब नए मालिक के हाथों में जाने वाली है। Yum! Brands ने मंगलवार को घोषणा की कि 2.7 अरब डॉलर की बड़ी डील में कंपनी को प्राइवेट इक्विटी फर्म LongRange Capital को बेच दिया है। यह सौदा सिर्फ एक कारोबारी लेन-देन नहीं, बल्कि एक युग के अंत की तरह देखा जा रहा है।

Pizza Hut की गिरावट की कहानी अचानक नहीं बनी। पिछले कई वर्षों से यह ब्रांड बदलते बाजार में अपनी पकड़ खोता जा रहा था। एक समय था जब यह डाइन-इन और सलाद बार के अनुभव के लिए जाना जाता था लेकिन बदलती लाइफस्टाइल और डिजिटल युग ने ग्राहकों की आदतें बदल दीं। लोग अब तेजी से ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी को प्राथमिकता देने लगे।

डोमिनोज़ और डिलीवरी ऐप्स से बढ़ी चुनौती

इस बदलाव में सबसे बड़ा फायदा Domino's Pizza को मिला, जिसने टेक्नोलॉजी, ऐप-बेस्ड ऑर्डरिंग और तेज डिलीवरी पर फोकस करके बाजार में बढ़त हासिल कर ली। वहीं DoorDash जैसी थर्ड-पार्टी डिलीवरी कंपनियों ने भी ग्राहकों के विकल्प बढ़ा दिए, जिससे Pizza Hut की पकड़ और कमजोर होती गई।

साल 2017 में Domino’s ने Pizza Hut को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे बड़ी पिज्जा चेन का खिताब हासिल कर लिया था। इसके बाद से कंपनी लगातार संघर्ष कर रही थी।

1958 में हुई थी शुरुआत

Pizza Hut की शुरुआत 1958 में अमेरिका के कंसास में हुई थी और 1971 तक यह दुनिया की सबसे बड़ी पिज्जा चेन बन चुकी थी। 1969 में यह शेयर बाजार में लिस्ट हुई और 1977 में इसे PepsiCo ने खरीद लिया था। बाद में इसी रेस्टोरेंट पोर्टफोलियो से KFC और Taco Bell जैसे ब्रांड जुड़े, जो आगे चलकर Yum! Brands बने।

KFC और Taco Bell से टूटा दशकों पुराना रिश्ता

अब इस डील के साथ Pizza Hut का KFC और Taco Bell से दशकों पुराना रिश्ता भी खत्म हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव फास्ट फूड इंडस्ट्री में बड़े बदलावों का संकेत है, जहां अब टेक्नोलॉजी और डिलीवरी स्पीड सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। 

   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News