बाजार दिन के ऊपरी स्तर पर हुआ बंद, सेंसेक्स 642 अंक चढ़ा और निफ्टी 14700 के निकला पार

Friday, Mar 19, 2021 - 03:55 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। इससे पहले लगातार पांच कारोबारी दिनों से शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हो रहा था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 641.72 अंक यानी 1.30 फीसदी ऊपर 49858.24 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 186.15 अंक यानी 1.28 फीसदी की तेजी के साथ 14744 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 386.76 अंक या 0.78 फीसदी के लाभ में रहा था। 

निवेशकों ने सबसे ज्यादा FMGC और मेटल सेक्टर के शेयरों में की। NSE पर दोनों इंडेक्स में 2-2% की बढ़त रही। इसके अलावा बैंकिंग इंडेक्स 304 अंकों की बढ़त के साथ 34,161.60 पर बंद हुआ है। बंधन बैंक, RBL बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयरों में 2-2% की बढ़त रही। निफ्टी इंडेक्स भी 186 पॉइंट ऊपर 14,744 पर बंद हुआ।

BSE पर 3,135 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,475 शेयर बढ़त और 1,453 गिरावट के साथ बंद हुए। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी बढ़कर 203.43 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 201.12 लाख करोड़ रुपए रहा था।

लाल निशान पर खुला था बाजार 
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 244.16 अंकों (0.50 फीसदी) की गिरावट के साथ 48,972.36 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 71.40 अंक यानी 0.49 फीसदी नीचे 14,486.50 के स्तर पर खुला था।  

गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ था शेयर बाजार  
गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 585.10 अंक यानी 1.17 फीसदी नीचे 49216.52 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 163.45 अंक यानी 1.11 फीसदी की गिरावट के साथ 14557.85 के स्तर पर बंद हुआ था।  

jyoti choudhary

Advertising