किसानों की आय दोगुना करने के लक्ष्य से प्रेरित होगा उ.प्र. का कृषि कुंभ मेला

punjabkesari.in Sunday, Aug 26, 2018 - 11:52 AM (IST)

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए खेती बाड़ी और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र की मदद से कृषि कुंभ मेला आयोजित करने की आज घोषणा की। इसका आयोजन 26-28 अक्तूबर तक लखनऊ में भारतीय गन्ना अनुसंधान परिसर में किया जाएगा। राज्य के कृषि, पशुपालन और कृषि मंडी विभाग के मंत्रियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने इसकी घोषणा की।  

कृषि मंत्री सुर्य प्रताप शाही ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कृषि कुंभ में राज्य के सभी 75 जिलों के चुनिंदा किसान, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कृषि वैज्ञानिक, केन्द्र और राज्य सरकार के विभिन्न् औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और नीति निर्धारक भाग लेंगे।’’ शाही ने कहा, ‘‘कृषि, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश में 2.33 करोड़ परिवार खेती बाड़ी में लगे हैं जिनमें 92.5 प्रतिशत छोटे किसान हैं। प्रदेश की कुल आबादी के करीब 68 प्रतिशत लोगों के आय का मुख्य जरिया भी यही है।’’ 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को उम्मीद है कि कृषि कुंभ, 2018 के जरिए किसानों और कृषि से जुड़ी कंपनियों के लिए विकास के अवसर के नए द्वार खुलेंगे। यह आयोजन वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को हासिल करने में प्रदेश के लिए मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे किसानों तक खेती की लागत को कम करने और उत्पादकता बढ़ाने की नई नई प्रौद्योगिकियों के प्रसार और कृषि ऊपजों के प्रसंस्करण और विपणन आदि में सुधार लाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News