शेयर बाजार में गिरावट का दौर, निफ्टी 9800 के नीचे बंद

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 03:50 PM (IST)

नई दिल्लीः हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट नजर आई। हालांकि बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी लेकिन बाजार ऊपरी स्तरों पर टिक नहीं पाया। कारोबार के अंत में आज सैंसेकेस 265.83 अंक यानि 0.84 फीसदी गिरकर 31,258.85 पर और निफ्टी 83.05 अंक यानि 0.84 फीसदी गिरकर 9,754.35 के स्तर पर बंद हुआ है।

मिड-स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा बिकवाली हावी हुई है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी कमजोर होकर 15000 के नीचे बंद हुआ है। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स भी 1.5 फीसदी गिरकर 17780 के आसपास बंद हुआ है। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी की कमजोरी के साथ 15460 के स्तर पर बंद हुआ है।

बैंक निफ्टी में कमजोरी
सभी सेक्टर इंडेक्स लाल निशान में ही बंद हुए हैं। बैंक निफ्टी 0.6 फीसदी की गिरावट के साथ 23,936.5 के स्तर पर बंद हुआ है। ऑटो, एफ.एम.सी.जी., आई.टी., मीडिया, मेटल, फार्मा, पी.एस.यू. बैंक, रियल्टी, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और पावर शेयरों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में 1 फीसदी, एफ.एम.सी.जी. इंडेक्स में 0.5 फीसदी, आईटी इंडेक्स में 1.25 फीसदी, मीडिया इंडेक्स में 1 फीसदी, मेटल इंडेक्स में 1.4 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 1.75 फीसदी और पी.एस.यू. बैंक इंडेक्स में 1.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

इंफोसिस में बढ़ी गिरावट
सोमवार के कारोबार में भी इंफोसिस के स्टॉक्स में गिरावट देखने को मिल रही है। विशाल सिक्का के इस्तीफा देने के बाद से इंफोसिस के स्टॉक में शुक्रवार को 13 फीसदी तक गिरावट हुई थी। वहीं आज भी इसमें 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। कंपनी ने शनिवार को 13000 करोड़ रुपए के शेयरों के बायबैक की घोषणा की थी, लेकिन उसका असर नहीं दिख रहा है। बी.एस.ई. पर स्टॉक 900 के नीचे फिसलते हुए 882.55 के स्तर पर पहुंच गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News