क्रैश हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 900 से ज्यादा अंक लुढ़का, निफ्टी में भी बड़ी गिरावट
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:28 AM (IST)
मुंबईः घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को गिरावट दर्ज की गई। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में गिरावट, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले सतर्कता के कारण बाजार में कमजोरी रही। बीएसई सेंसेक्स 950.32 अंक फिसलकर 72,648.35 अंक पर और एनएसई निफ्टी 245 अंक टूटकर 22,504.75 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी और एशियन पेंट्स के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कंपनी के जुलाई-सितंबर तिमाही में अधिक राजस्व के दम पर उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 32.5 प्रतिशत बढ़कर 5,202.10 करोड़ रुपये होने की जानकारी देने के बाद से इसके शेयर में तेजी आई है। वहीं भारतीय स्टेट बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। कॉस्पी में 6.11 प्रतिशत की तेजी आई। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव 1.36 प्रतिशत बढ़कर 115.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,240.39 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 8.08 अंक और निफ्टी 3.45 अंक टूटकर बंद हुआ था।
