रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद सेंसेक्स-निफ्टी, निवेशकों की दौलत में हुआ इजाफा

Wednesday, Apr 10, 2024 - 05:08 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय शेयर बाजार आज 10 अप्रैल को मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स जहां 354 अंक उछलकर पहली बार 75,000 के पार बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने कारोबार के दौरान 22,775.70 का नया रिकॉर्ड स्तर छुआ। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की दौलत आज करीब 2.13 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई। आज के कारोबार के दौरान सरकारी बैंक, ऑयल एंड गैस और FMCG शेयरों में सबसे अधिक तेजी मिली। वहीं ऑटो और यूटिलिटी शेयरों में कमजोरी रही।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 354.45 अंक या 0.47% की तेजी के साथ 75,038.15 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 92.30 अंक या 0.41% बढ़कर 22,735.05 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों ने ₹2.13 लाख करोड़ कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 10 अप्रैल को बढ़कर 402.05 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 9 अप्रैल को 399.92 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 2.13 लाख करोड़ रुपए बढ़ा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 2.13 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर आज तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी आईटीसी (ITC) के शेयरों में सबसे अधिक 2.49% की तेजी रही। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), भारती एयरटेल (Bharti Airtel), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और एशियन पेंट्स (Asian Paints) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये 1.36% से लेकर 2.15 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

वहीं सेंसेक्स के बाकी 9 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) का शेयर 1.60 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), लर्सन एंड टुब्रो (L&T), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयर क्रमश: 0.45% और 0.83% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
 

jyoti choudhary

Advertising