सिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे मुलाकात

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 12:51 PM (IST)

मुंबईः सिंगापुर एयरलाइंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गोह चून फोंग टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों से बृहस्पतिवार को मुलाकात करेंगे। गोह चून फोंग बृहस्पतिवार सुबह टाटा समूह के मुख्यालय बॉम्बे हाउस पहुंचे। दोनों पक्ष घाटे में चल रही एयर इंडिया पर विस्तृत चर्चा कर सकते हैं। टाटा समूह ने जनवरी 2022 में भारत सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था और बाद में सिंगापुर एयरलाइंस ने विमानन कंपनी में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। एक सूत्र ने बताया कि गोह चून फोंग टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। 

टाटा समूह के अधिकारियों के साथ उनकी प्रस्तावित बैठकों का विवरण अभी उपलब्ध नहीं है। खबरों के अनुसार, सिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ टाटा संस के चेयरमैन एनॅ. चंद्रशेखरन से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब एयर इंडिया कई चुनौतियों का सामना कर रही है जिनमें पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध से बढ़ती परिचालन लागत और करीब एक वर्ष से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद रहने का प्रभाव शामिल है। 

इन प्रतिबंधों के कारण महत्वाकांक्षी बदलाव योजना के तहत काम कर रही विमानन कंपनी को लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है जिससे ईंधन खपत एवं खर्च बढ़ गया है। इस महीने की शुरुआत में एयर इंडिया ने घोषणा की थी कि उसके सीईओ एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन पद छोड़ेंगे और एयरलाइन नए प्रमुख की तलाश कर रही है। 

अहमदाबाद में पिछले वर्ष जून में हुए एआई171 विमान हादसे का भी घाटे में चल रही कंपनी पर बड़ा असर पड़ा है। इस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी। एक अन्य सूत्र ने बताया कि 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में एयर इंडिया को 22,000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। एयर इंडिया का प्रदर्शन सिंगापुर एयरलाइंस के लिए भी वित्तीय दबाव का कारण बन रहा है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News