Share Market Down: महंगे तेल और जियोपॉलिटिकल टेंशन से दबाव में शेयर बाजार, सेंसेक्स 437 अंक टूटा
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 10:24 AM (IST)
मुंबईः पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 436.82 अंक टूटकर 77,572.43 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 103.50 अंक की गिरावट के साथ 24,262.15 अंक पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयर में बढ़त दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.43 प्रतिशत चढ़कर 88.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 508.12 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। सेंसेक्स शुक्रवार को 70.71 अंक और निफ्टी 29.85 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
