शेयर बाजार में ढाई महीने की सबसे बड़ी गिरावट

Monday, Sep 12, 2016 - 04:43 PM (IST)

मुंबईः अमरीका तथा अन्य विकसित देशों में ब्याज दरें बढऩे की आशंका में दुनिया भर के शेयर बाजारों में हुई बिकवाली के दबाव में चौतरफा बिकवाली से आज स्थानीय शेयर बाजारों में ढाई महीने की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 1.54 प्रतिशत यानी 443.71 अंक लुढ़ककर 28,353.54 अंक पर तथा नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.70 फीसदी यानी 151.10 अंक गिरकर 8,715.60 अंक पर आ गया। यह दोनों बाजारों का 30 अगस्त के बाद का निचला स्तर है। साथ ही यह 24 जून के बाद की सबसे बड़ी गिरावट भी है। इस साल 24 जून को सैंसेक्स 604.51 अंक तथा निफ्टी 216.25 अंक टूटा था। शेयर बाजार की गिरावट चौतरफा रही। 

 

सोमवार को सबसे ज्यादा बढ़ने वाले और गिरावट वाले स्टॉक्स

सोमवार के कारोबार में सबसे ज्यादा बढ़त सायंट (6 फीसदी), ट्रेंट ( 2.96 फीसदी), फिनोलैक्स केबल्स (2.74 फीसदी), स्ट्राइड्स शासुन (2.47 फीसदी) और इंफो एज ( 3.34 फीसदी) रहे हैं। वहीं बी.एस.ई. पर आज सबसे ज्यादा गिरावट वाले स्टॉक्स में रिलायंस डिफेंस (13.66 फीसदी), एच.डी.आई.एल. (10.9 फीसदी), हिंडाल्को ( 8.82 फीसदी), डी.एल.एफ. (8 फीसदी) और पुंज लॉयड (7.56 फीसदी) रहे हैं।

 

वैश्विक दबाव में सैंसेक्स 316.16 अंक गिरकर 28,481.09 अंक पर खुला और कुछ क्षण बाद 28,481.11 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूने के बाद लगातार गिरावट में रहा। आखिरी कारोबारी घंटे में यह 28,251.31 अंक तक उतर गया जो दिवस का निचला स्तर भी रहा। कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस के मुकाबले 443.71 अंक टूटकर 28,353.54 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी का ग्राफ भी सैंसेक्स की तरह ही रहा। यह 133.75 अंक नीचे 8,732.95 अंक पर खुला। कुछ देर बाद ही 8,746.95 अंक के दिवस के उच्चतम तथा आखिरी कारोबारी घंटे में 8,699.40 अंक के दिवस के न्यूनतम स्तर से होता हुआ यह पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 151.10 फिसलकर 8,715.60 अंक पर बंद हुआ। बी.एस.ई. में कुल 2,894 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,031 को नुकसान उठाना पड़ा। कुल 689 कंपनियां मुनाफे में रहीं जबकि 174 के शेयरों के भाव अपरिवर्तित बंद हुए। निफ्टी में 1,501 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,260 में बिकवाली तथा 188 में लिवाली का जोर रहा। 53 कंपनियों के शेयर गत कारोबारी दिवस के स्तर पर ही रहे। 

Advertising