बाजार में एक सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2016 - 04:54 PM (IST)

मुंबईः विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुझान के बीच स्थानीय स्तर पर मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ल्युपिन जैसी दिग्गज कम्पनियों में हुई भारी बिकवाली के दबाव में एक फीसदी से अधिक लुढ़ककर लगातार दूसरे दिन गिरावट पर रहा। 

 

बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 03 जुलाई के बाद की सबसे बड़ी 310.28 अंक अर्थात् 1.10 फीसदी की गिरावट के साथ 27,774.88 अंक और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी 102.95 अंक यानी 1.19 फीसदी गिरकर 8,575.30 अंक पर बंद हुआ। अमरीका में उत्पादकता के कमजोर आंकड़े आने से फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ौतरी की उम्मीद कमजोर होने से मंगलवार देर रात विदेशी बाजारों में आई तेजी के बावजूद स्थानीय स्तर पर दिग्गज कम्पनियों में हुई बिकवाली से सैंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। 

 

मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ल्युपिन के शेयर करीब 4 फीसदी तक लुढ़के। हालांकि, अदानी पोर्ट्स में करीब 8 फीसदी की तेजी ने बाजार को और अधिक गिरने से बचाया। शुरूआती कारोबार में सैंसेक्स 48.2 अंक की तेजी के साथ 28,133.36 अंक पर खुला और कुछ देर बाद ही 28,143.28 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा। इसके बाद शुरू हुई बिकवाली के दबाव में यह लगातार गिरता हुआ अंतिम कारोबारी घंटे में 27,736.62 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। 

 

अंत में पिछले दिवस के 28,085.16 अंक के मुकाबले 310.28 अंक लुढ़ककर 27,774.88 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 8.45 अंक की मामूली बढ़त लेकर 8,686.70 अंक पर खुला और थोड़ी देर बाद 8,690.10 अंक के उच्च स्तर को छुआ। बिकवाली होने से आखिरी कारोबारी घंटे में यह 8,564.60 अंक के निचले स्तर पर आ गया। अंत में गत दिवस के 8,678.25 अंक की तुलना में 102.95 अंक गिरकर 8,575.30 अंक पर रहा। 

 

बी.एस.ई. का मिडकैप 1.06 फीसदी उतरकर 12,644.36 अंक और स्मॉलकैप 1.18 फीसदी टूटकर 12,192.06 अंक पर रहा। बी.एस.ई. के सभी 20 समूहों में मंदी देखी गई। तेल एवं गैस समूह में सबसे अधिक 2.19 फीसदी की गिरावट रही। इसके अलावा आईटी, टेक, एफएमसीजी, रियल्टी, पावर, ऑटो, बैंकिंग, टैलीकॉम, वित्त और ऊर्जा समूह के शेयर भी 2.04 फीसदी तक टूटे। बी.एस.ई. में कुल 2,865 कम्पनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,895 में बिकवाली और 835 में लिवाली हुई जबकि 135 के भाव अपरिवर्तित रहे। 

 

विदेशी बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। ब्रिटेन का एफ.टी.एस.ई. शुरूआत में 0.20 फीसदी लुढ़क गया। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 0.18 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.21 फीसदी गिरा जबकि हांगकांग का हैंगसैंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी क्रमश: 0.12 और 0.04 फीसदी चढ़े। कोल इंडिया, टी.सी.एस. और अदानी पोर्ट्स की 7.93 फीसदी तक की तेजी और ओ.एन.जी.सी. में टिकाव को छोड़कर सैंसेक्स की शेष 26 कम्पनियों में बिकवाली हावी रही। फार्मा कम्पनी ल्युपिन ने सबसे अधिक 3.89 फीसदी नुकसान उठाया। साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.63, हीरो मोटोकॉर्प 2.56, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक 2.47, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.21, मारुति सुजुकी 2.04 और टाटा मोटर्स के शेयर 2.02 फीसदी गिरे। इनके अलावा इंफोसिस, एच.डी.एफ.सी., बजाज ऑटो, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एलएंडटी, आई.टी.सी., गेल, एन.टी.पी.सी., रेड्डीज लैब, एस.बी.आई., सन फार्मा, टाटा स्टील, विप्रो, एशियन पेंट्स, एच.डी.एफ.सी. बैंक और सिप्ला के शेयरों में भी 0.14 से 1.98 फीसदी तक की गिरावट रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News