लगातार दूसरे दिन गिरा सैंसेक्स

punjabkesari.in Wednesday, Oct 26, 2016 - 05:13 PM (IST)

मुंबईः बैंकों के निराशाजनक परिणामों तथा टाटा समूह में अचानक अध्यक्ष बदले जाने से बड़ी कंपनियों में हुई बिकवाली से आज घरेलू बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 254.91 अंक अर्थात् 0.91 फीसदी गिरकर 27,836.51 अंक पर आ गया।

नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी भी 76.05 अंक यानी 0.88 प्रतिशत टूटकर 8,615.25 अंक पर रहा। बड़ी कंपनियों में एक्सिस बैंक के शेयर 8 प्रतिशत से अधिक गिर गए। टाटा समूह की टाटा मोटर्स और टाटा स्टील में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इनके अलावा आई.सी.आई.सी.आई. बैंक में 3 प्रतिशत से अधिक और अदानी पोर्ट्स में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। बड़ी कंपनियों के अलावा छोटी एवं मंझौली कंपनियों में भी बिकवाली का जोर रहा। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.90 फीसदी तथा स्मॉलकैप 0.66 फीसदी गिर गया।

बी.एस.ई. के अधिकांश समूहों में भी गिरावट रही। बैंकिंग समेत धातु, इंडस्ट्रियल्स, फायनेंस, बेसिक मटीरियल्स और हैल्थकेयर एक प्रतिशत से अधिक गिर गए। वैश्विक बाजारों में आज अधिकांश लाल निशान में रहे। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 1.02 फीसदी, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.14 फीसदी तथा चीन का शंघाई कंपोजिट 0.46 फीसदी उतर गए। जापान का निक्की 0.29 प्रतिशत चढ़ गया। यूरोपीय बाजारों में ब्रिटेन का एफटीएसई भी शुरुआती कारोबार में 0.87 फीसदी लुढ़क गए। बी.एस.ई. में कुल 3,014 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,593 के शेयर गिरकर बंद हुए। कुल 1,179 कंपनियों के शेयर मजबूत हुए जबकि 242 के शेयर अपरिवर्तित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News