दूसरे दिन गिरा बाजार

Wednesday, Aug 17, 2016 - 04:17 PM (IST)

मुंबईः विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुझान के बीच स्थानीय स्तर पर विप्रो, इंफोसिस, पावर ग्रिड, अदानी पोर्ट्स और टी.सी.एस. जैसी अग्रणी कम्पनियों में हुई बिकवाली के दबाव में आज शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही। 

 

बी.एस.ई. का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 59.24 अंक उतरकर 28,005.37 अंक और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी 18.50 अंक फिसलकर 8,624.05 अंक पर बंद हुआ। वहीं, बी.एस.ई. की छोटी और मझौली कम्पनियों में हुई लिवाली से बाजार की गिरावट सीमित हुई। मिडकैप 0.69 फीसदी उछलकर 12,911.61 अंक और स्मॉलकैप 0.55 फीसदी बढ़कर 12,280.20 अंक पर रहा। 

 

अमरीकी फेडरल रिजर्व के सितंबर में ब्याज दरों में बढ़ौतरी करने के संकेत से विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव सैंसेक्स और निफ्टी पर दिखा। साथ ही विप्रो, इंफोसिस, पावर ग्रिड, अदानी पोर्ट्स और टी.सी.एस. जैसी कम्पनियों के 2.51 फीसदी तक लुढ़कने से बाजार में गिरावट रही। शुरूआती कारोबार में सैंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 28,061.79 अंक पर लगभग सपाट खुला और लिवाली के सहारे बीच सत्र बाद 28,174.30 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया लेकिन इसके बाद हुई भारी बिकवाली से यह दोपहर बाद 279,60.14 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। 

 

अंत में पिछले दिवस के 28,064.61 अंक की तुलना में 59.24 अंक टूटकर 28,005.37 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 2.75 अंक फिसलकर 8,639.80 अंक पर लगभग सपाट खुला। लिवाली के बल पर दोपहर बाद 8,667.10 अंक के उच्चतम स्तर को छुआ लेकिन बिकवाली के दबाव में बीच सत्र के बाद 8,603.60 अंक के निचले स्तर पर आ गया। अंत में गत दिवस के 8,642.55 अंक के मुकाबले 18.50 अंक फिसलकर 8,624.05 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान यूटिलिटीज, पावर, ऊर्जा, तेल एवं गैस, एफएमसीजी, टेक और आईटी समूह की 1.67 फीसदी तक की गिरावट को छोड़कर बी.एस.ई. के शेष 13 समूहों में तेजी रही। धातु समूह ने सर्वाधिक 2.06 फीसदी मुनाफा कमाया। बी.एस.ई. में कुल 2884 कम्पनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1452 में लिवाली और 1258 में बिकवाली हुई जबकि शेष 174 में कोई बदलाव नहीं हुआ। 

Advertising