349 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ सैंसेक्स, निफ्टी 8514 के स्तर पर सिमटा

Wednesday, Nov 02, 2016 - 04:50 PM (IST)

नई दिल्लीः दुनियाभर के बाजारों में आज ट्रंप का हडकंप मच गया। दरअसल अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव के एक ताजा सर्वे में डोनल्ड ट्रंप, हिलेरी क्लिंटन से आगे दिख रहे हैं इसी के चलते पूरी दुनियाभर के बाजारों में घबराहट दिखी। इसका असर भारतीय बाजारों में भी दिखा। इस डर के माहौल में आज सैंसेक्स और निफ्टी 3 महीने के निचले स्तरों पर बंद हुए हैं। आज सैंसेक्स और निफ्टी में 1.25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। आज के कारोबार में निफ्टी ने 8505 तक गोता लगाया, तो सैंसेक्स 27501 तक लुढ़क गया था। अंत में सैंसेक्स 27500 के आसपास ही बंद हुआ है, तो निफ्टी 8500 के करीब आ गया है।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की भी आज जमकर पिटाई हुई है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स 1.8 फीसदी तक गिरकर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा टूट गया है। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स 1.8 फीसदी तक कमजोर होकर बंद हुआ है।


आज बाजार में चौतरफा गिरावट का माहौल रहा। पीएसयू बैंक, फार्मा, मीडिया, ऑटो, बैंकिंग, आईटी, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स और पावर शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दिखी है। बैंक निफ्टी 214 अंक यानि 1.2 फीसदी लुढ़ककर 19228 के स्तर पर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 3.5 फीसदी टूटकर बंद हुआ है।

निफ्टी के फार्मा इंडेक्स में 2.3 फीसदी, मीडिया इंडेक्स में 1.6 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 1.3 फीसदी और आईटी इंडेक्स में 1.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई के ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2.75 फीसदी, कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 1.1 फीसदी और पावर इंडेक्स में 0.9 फीसदी की कमजोरी आई है।

बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 349 अंक यानि 1.25 फीसदी की गिरावट के साथ 27527 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 112 अंक यानि 1.3 फीसदी की कमजोरी के साथ 8514 के स्तर पर बंद हुआ है।

आज के कारोबार में दिग्गज शेयरों में ओ.एन.जी.सी., टाटा मोटर्स डीवीआर, बैंक ऑफ बड़ौदा, टाटा मोटर्स, बीएचईएल, एस.बी.आई. और सन फार्मा 4.1-2.6 फीसदी तक टूटकर बंद हुए हैं। हालांकि दिग्गज शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती इंफ्राटेल, इंडसइंड बैंक, एन.टी.पी.सी. और एचयूएल 3.25-0.7 फीसदी तक बढ़कर बंद हुए हैं। मिडकैप शेयरों में केनरा बैंक, ओरिएंटल बैंक, पेट्रोनेट एलएनजी, बैंक ऑफ इंडिया और जिंदल स्टील सबसे ज्यादा 5.6-3.9 फीसदी तक लुढ़ककर बंद हुए हैं। स्मॉलकैप शेयरों में एचटी मीडिया, सैंट-गोबिन, फिनोटेक्स केम, कनोरिया केमिकल्स और सारदा एनर्जी सबसे ज्यादा 7.7-6.3 फीसदी तक कमजोर होकर बंद हुए हैं।

Advertising