रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे गिरकर 95.43 प्रति डॉलर पर

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:55 AM (IST)

मुंबईः अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर आ गया। महीने के अंत में डॉलर की मांग बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशकों की धारणा पर दबाव पड़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव बने रहने तक रुपए पर व्यापक दबाव जारी रह सकता है। 

हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के उपाय और तरलता बढ़ाने से निकट अवधि में कुछ राहत दे सकते हैं और उतार-चढ़ाव को सीमित कर सकते हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.43 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले बंद स्तर से 17 पैसे कमजोर है। सोमवार को रुपया 34 पैसे मजबूत होकर 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। कारोबारियों के अनुसार, उस दिन आरबीआई की डॉलर बिक्री से रुपए को ऊपरी स्तरों पर समर्थन मिला। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी देखी गई। यह 1.84 प्रतिशत बढ़कर 97.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

इससे पहले यह 93 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया था लेकिन ईरान के खिलाफ ताजा हमलों की खबरों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर समझौते की उम्मीदें प्रभावित हुई हैं। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत गिरकर 99.04 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 821.75 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News