रुपया शुरुआती कारोबार में 139 पैसे टूटकर 94.90 प्रति डॉलर पर
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 11:23 AM (IST)
मुंबईः रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 139 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.90 पर पहुंच गया। अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खारिज करने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख और विदेशी पूंजी की भारी निकासी ने रुपए पर और दबाव डाला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर खुला। फिर मामूली बढ़त के साथ 94.90 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 139 पैसे की भारी गिरावट है। रुपया शुक्रवार को 71 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.51 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.20 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 810.35 अंक या 1.05 प्रतिशत टूटकर 76,517.84 अंक पर जबकि निफ्टी 225.40 अंक या 0.93 प्रतिशत फिसलकर 23,950.75 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.5 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,110.60 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
