Rupee vs Dollar: डॉलर मजबूत...रुपया टूटा, आज इतनी आई गिरावट

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 11:00 AM (IST)

मुंबईः रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 27 पैसे टूटकर 90.95 प्रति डॉलर पर आ गया। मजबूत अमेरिकी मुद्रा और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने रुपये पर दबाव डाला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयरों में बिकवाली की होड़ ने भारतीय मुद्रा पर और दबाव बनाया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.94 प्रति डॉलर पर खुला। फिर शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.95 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 27 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.68 पर बंद हुआ था। 

छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को मुद्रा बाजार बंद रहे। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.89 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 150.35 अंक टूटकर 82,347.79 अंक पर जबकि निफ्टी 35.15 अंक फिसलकर 25,419.20 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 880.49 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News