रुपया शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर 96.36 प्रति डॉलर पर
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 10:58 AM (IST)
मुंबईः रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 11 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.36 पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेजी और सुरक्षित निवेश के तौर पर अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ने से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि लाल सागर और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता का असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिख रहा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.36 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव की तुलना में 11 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.15 पर रहा। अमेरिका-ईरान तनाव के ताजा बढ़ने से सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की मांग बढ़ी है।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 92.08 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,070.61 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 0.34 प्रतिशत फिसलकर 24,104.40 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,650.16 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
