ईरान युद्ध के असर से ब्रिटेन में रिटेल सेल में 40 साल की सबसे बड़ी गिरावट, सर्वे में खुलासा

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 05:30 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ईरान युद्ध के कारण बढ़ती महंगाई की आशंकाओं के बीच ब्रिटेन में रिटेल सेल को बड़ा झटका लगा है। उद्योग संगठन कन्फैडरेशन ऑफ ब्रिटिश इंडस्ट्री (Confederation of British Industry (CBI) के ताजा सर्वे के मुताबिक अप्रैल में खुदरा बिक्री में साल-दर-साल आधार पर 40 वर्षों में सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई है।

CBI का मासिक रिटेल सेल्स वॉल्यूम इंडैक्स मार्च के -52 से गिरकर अप्रैल में -68 पर पहुंच गया, जो 1983 में इस आंकड़े की शुरूआत के बाद सबसे निचला स्तर है। वहीं, मई के लिए भी स्थिति निराशाजनक दिख रही है। बिक्री के अनुमान का सूचकांक -49 से गिरकर -60 हो गया, जो कोविड-19 महामारी के दौरान मार्च 2021 के बाद सबसे कमजोर स्तर है।

ईरान युद्ध से बढ़ी महंगाई की चिंता

CBI के प्रमुख अर्थशास्त्री मार्टिन सार्टोरियस ने कहा कि अप्रैल में खुदरा हालात और खराब हुए हैं। उन्होंने बताया कि ईरान संघर्ष के आर्थिक प्रभाव अब स्पष्ट हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ता विश्वास कमजोर पड़ा है और कारोबार प्रभावित हो रहा है।

फरवरी के अंत में शुरू हुए ईरान युद्ध का असर वैश्विक स्तर पर देखा जा रहा है। इस संघर्ष के कारण ऊर्जा कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका फिर से गहरा गई है और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें भी कमजोर पड़ी हैं। 

ऑनलाइन और थोक कारोबार भी प्रभावित

सर्वे में यह भी सामने आया कि ऑनलाइन खुदरा बिक्री अप्रैल में जनवरी 2024 के बाद सबसे तेज दर से गिरी। वहीं, थोक कारोबार में भी गिरावट जारी रही और अगले महीने इसमें और तेजी आने की आशंका जताई गई है।

यह सर्वे 26 मार्च से 14 अप्रैल के बीच किया गया, जिसमें कुल 155 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें 61 रिटेलर्स, 84 थोक कारोबारी और 10 मोटर ट्रेडर्स शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News