बिहार में खाद्यान्न का रिकॉर्ड उत्पादनः राज्य कृषि विभाग

Saturday, Nov 18, 2017 - 11:46 AM (IST)

पटनाः बिहार में पिछले वित्तवर्ष के दौरान खाद्यान्न का उत्पादन रिकॉर्ड ऊंचाई को छू गया है। यह वृद्धि कुल उत्पाद और प्रति हेक्टेयर उपज, दोनों ही संदर्भ में हुई है। प्रदेश के कृषि विभाग ने यह जानकारी दी। कृषि विभाग के प्रधान सचिव सुधीर कुमार ने कहा, ‘‘प्रदेश में कुल खाद्यान्न का उत्पादन वर्ष 2016-17 में 185.61 लाख टन हुई जो कि एक रिकॉर्ड है। इससे पहले का रिकॉर्ड 178.29 लाख टन था जिसे वर्ष 2012 - 13 में हासिल किया गया था।’’

कुमार ने कहा, ‘‘पिछले वर्ष खाद्यान्न उपज भी 27.77 क्विंटल प्रति हेक्टेयर थी और यह भी एक रिकॉर्ड है।’’ प्रदेश कृषि विभाग द्वारा जारी किए गए विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘‘रिकॉर्ड उत्पादन मक्का के संदर्भ में भी हासिल किया गया जो करीब 38.46 लाख रहा। प्रति हेक्टेयर उपज 53.35 क्विंटल रही।’’ इससे पूर्व मक्के के उत्पादन का बेहतरीन आंकड़ा वर्ष 2012-13 का है जब 27.56 लाख टन का उत्पादन हुआ था। तब प्रति हेक्टेयर उपज 39.75 क्विंटल की हुई थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें वर्ष 2017- 22 के लिए तय किए गए कृषि रोडमैप के उद्देश्यों को हासिल कर लेने की उम्मीद है जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उम्मीद व्यक्त की है कि हरेक भारतीय के खाने में कम से कम एक बिहार को प्रिय व्यंजन हो।’’ लगभग 1.54 लाख करोड़ रुपए की योजनाओं के साथ इस महत्वाकांक्षी रूपरेखा को पिछले सप्ताह पेश किया गया।   
 

Advertising