2000 रुपए के नोटों की वापसी को लेकर RBI ने दिया अपडेट, ₹5,451 करोड़ का अब भी इंतजार
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 01:51 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपए के नोटों की वापसी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। RBI ने मई 2023 में इन नोटों को वापस लेने की घोषणा की थी। हालांकि ये अभी भी वैध मुद्रा हैं लेकिन इनका सामान्य लेन-देन में उपयोग लगभग बंद हो चुका है और लोगों को इन्हें बैंक में जमा करना पड़ रहा है।
RBI के ताजा आंकड़ों के अनुसार, उस समय चलन में मौजूद ₹3.56 लाख करोड़ के ₹2000 के नोटों में से अब तक 98.47% नोट वापस आ चुके हैं। 30 अप्रैल 2026 तक यह राशि घटकर लगभग ₹5,451 करोड़ रह गई है।
कितने नोट वापस आए?
RBI ने बताया कि अब तक लगभग सभी नोट सिस्टम में वापस आ चुके हैं। 19 मई 2023 के बाद से RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में इन नोटों को बदलने और जमा करने की सुविधा जारी है।
अभी भी वैध मुद्रा
केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि ₹2000 के नोट अभी भी वैध मुद्रा हैं यानी इन्हें कानूनी रूप से रखा या जमा किया जा सकता है लेकिन इनका रोजमर्रा के लेन-देन में इस्तेमाल लगभग समाप्त हो चुका है।
कहां जमा कर सकते हैं नोट?
- RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में सीधे जमा
- डाकघर (India Post) के जरिए RBI कार्यालय भेजकर बैंक खाते में क्रेडिट
- बैंक खातों में सीधे जमा की सुविधा भी उपलब्ध
