इस मामले में दुनिया का पहला सेंट्रल बैंक बना RBI, शक्तिकांत दास ने दी जानकारी

punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2020 - 05:58 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक के ट्विटर पर 'फॉलोअर्स' की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। रिजर्व बैंक यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला केंद्रीय बैंक है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर 10 लाख फॉलोअर्स के साथ रिजर्व बैंक ने अमेरिका के फेडरल रिजर्व तथा यूरोपीय केंद्रीय बैंक (यूसीबी) को पीछे छोड़ दिया है। रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल पर उपलब्ध सूचना के अनुसार उसके फॉलोअर्स की संख्या 27 सितंबर, 2020 को 9.66 लाख थी, जो अब 10 लाख हो गई है। 

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने रविवार को ट्वीट किया, 'रिजर्व बैंक के ट्विटर खाते पर आज फॉलोअर्स की संख्या 10 लाख हो गई है। इसके लिए रिजर्व बैंक में मेरे सभी सहयोगियों को बधाई।' दुनिया के सबसे शक्तिशाली केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या सिर्फ 6.67 लाख है। वहीं यूरोपीय केंद्रीय बैंक के फॉलोअर्स की संख्या 5.91 लाख है। अमेरिका का केंद्रीय बैंक मार्च, 2009 में ट्विटर से जुड़ा था। वहीं ईसीबी अक्टूबर, 2009 से ट्विटर से जुड़ा है। 

PunjabKesari2012 में शुरू हुआ था ट्विटर अकाउंट
85 साल पुराने रिजर्व बैंक का ट्विटर खाता जनवरी, 2012 में शुरू हुआ था। गवर्नर दास का अलग ट्विटर हैंडल है, जिसपर फॉलोअर्स की संख्या 1.35 लाख है। मार्च, 2019 में ट्विटर पर रिजर्व बैंक के फॉलोअर्स की संख्या 3,42,000 थी, जो मार्च, 2020 में दोगुना से अधिक होकर 7,50,000 हो गई। 

लॉकडाउन में फॉलोअर्स में आई तेजी
एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान लगाए गए सात सप्ताह के लॉकडाउन में रिजर्व बैंक के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या में 1.5 लाख से अधिक की वृद्धि हुई है। चालू वित्त वर्ष में 2.5 लाख फॉलोअर्स रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल से जुड़े हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News