RBI ने SBI म्यूचुअल फंड को बंधन बैंक में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की अनुमति दी

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:17 PM (IST)

कोलकाताः भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एसबीआई म्यूचुअल फंड के बंधन बैंक में 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बंधन बैंक ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि आरबीआई ने 25 फरवरी, 2026 के पत्र के माध्यम से एसबीआई म्यूचुअल फंड को बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में अधिकतम 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी अधिग्रहीत करने की अनुमति प्रदान की है। 

बैंक ने कहा कि यह मंजूरी बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949; भारतीय रिजर्व बैंक निर्देश, 2025 (28 नवंबर, 2025 से प्रभावी समय-समय पर संशोधित); विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम, 1999; तथा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा जारी नियमों सहित अन्य लागू कानूनों और दिशानिर्देशों के अनुपालन के अधीन है। 

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आवेदक पत्र की तारीख से एक वर्ष के भीतर प्रस्तावित प्रमुख हिस्सेदारी हासिल नहीं करता है, तो मंजूरी स्वतः निरस्त मानी जाएगी। साथ ही एसबीआई म्यूचुअल फंड की कुल हिस्सेदारी किसी भी समय बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों के 9.99 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा यदि एसबीआई म्यूचुअल फंड की कुल हिस्सेदारी किसी समय पांच प्रतिशत से कम हो जाती है, तो उसे पुनः पांच प्रतिशत या उससे अधिक करने के लिए आरबीआई की पूर्व अनुमति लेनी होगी।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News