RBI ने VRRR नीलामी के जरिये जुटाई 3.93 लाख करोड़ रुपए की नकदी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 01:24 PM (IST)
मुंबईः भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (वीआरआरआर) नीलामी के जरिये मंगलवार को 3,93,352 करोड़ रुपए की नकदी जुटाई। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय बैंक को अधिसूचित पांच लाख करोड़ रुपए की राशि के लिए 3,93,352 करोड़ रुपए की बोलियां मिलीं। इन बोलियों को 5.24 प्रतिशत की 'कट-ऑफ' दर और भारित औसत दर पर स्वीकार किया गया।
आरबीआई पिछले एक महीने से बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त नकदी को अपने पास लेने और रातोंरात मुद्रा बाजार की दरों को रेपो दर के अनुरूप लाने के लिए वीआरआरआर नीलामी कर रहा है। बैंकिंग प्रणाली में 11 सितंबर तक करीब 10.73 लाख करोड़ रुपए की अतिरिक्त नकदी होने का अनुमान है। वीआरआरआर नीलामी के अलावा, केंद्रीय बैंक ने पिछले सप्ताह सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री के लिए एक लाख करोड़ रुपए की अधिसूचित राशि के तीन चरणों में खुले बाजार परिचालन (ओएमओ) की घोषणा की है। इसकी पहली नीलामी 17 सितंबर को होगी।
