US-ईरान की टेंशन से पेट्रोल हुआ महंगा, तनाव और बढ़ने पर 90 रुपए तक जा सकती हैं कीमतें

Saturday, Jan 04, 2020 - 11:30 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमत 4.5 फीसदी बढ़कर 69.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। रुपया भी 42 पैसे गिरकर डेढ़ महीने के निचले स्तर 71.80 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल के दाम बढ़ने और रुपए के गिरने के बाद भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में भी इजाफा हो सकता है।

शनिवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमतें फिर से 81 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं। वहीं, देश के चार बड़े महानगरों में से मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में डीजल के दाम 70 रुपए प्रति लीटर के ऊपर ही बने हुए है। कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल के दाम 10 महीने के टॉप पर पहुंच गए हैं। साथ ही, भारतीय रुपए में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली है। इसीलिए कीमतों में तेजी आई है। आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

तनाव बढ़ा तो महंगा होगा तेल
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, अगर ईरान अमेरिका पर जवाबी कार्रवाई करता है तो इस तिमाही में कच्चे तेल की कीमत 75 से 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है। इससे रुपया डॉलर के मुकाबले 75 तक फिसल सकता है। ऐसा होता है तो पेट्रोल के दाम एक बार फिर 90 रुपए प्रति लीटर पहुंच सकते हैं।

देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
पेट्रोल-डीजल के दाम-देश की सबसे बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी IOC की वेबसाइट पर जारी नए रेट्स के मुताबिक, देश के चार प्रमुख महानगरों दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी आई है।

शहर पेट्रोल (कीमत रुपए में) डीजल (कीमत रुपए में)
नई दिल्ली 75.45 68.40
मुंबई 81.04 71.72
चेन्नई 78.39 72.28
कोलकाता 78.04 70.76
नोएडा 76.60 68.67
गुरुग्राम 74.80 67.32

 

क्यों महंगा हुआ कच्चा तेल
ईरान की कुद्स फोर्स के प्रमुख जनरल कासिम सुलेमानी बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई हमले में मारे गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी अमरीकी ने ली है। इस हमले में कताइब हिजबुल्लाह के कमांडर अबू महदी अल-मुहांदिस भी मारे गए हैं। इस खबर के बाद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें 10 महीने के शिखर पर पहुंच गई है। कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की सप्लाई में कमी आ सकती है। इसीलिए क्रूड के दाम बढ़ गए है।

पंजाब में पेट्रोल-डीजल के रेट

जालंधर 75.26 67.29
लुधियाना 75.80 67.77
अमृतसर 75.84 67.82
चंडीगढ़ 71.29 65.11
पटियाला 75.69 67.68
बठिंडा 75.18 67.20

ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी नोमुरा के अनुमान के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में 10 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी से भारत के राजकोषीय घाटे और करंट अकाउंट बैलेंस पर असर होता है।

jyoti choudhary

Advertising