पैकेड मसाला कंपनी पुष्प ब्रांड को IPO के लिए सेबी की मंजूरी

punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 01:08 PM (IST)

नई दिल्लीः पैकेड मसाला कंपनी पुष्प ब्रांड (इंडिया) को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। बाजार नियामक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आईपीओ में मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 74.45 लाख तक शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार, कंपनी ने जून में आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल किए थे और 27 अगस्त को उसे बाजार नियामक से मंजूरी मिली। 

इंदौर में 1974 में स्थापित पुष्प ब्रांड एक क्षेत्रीय मसाला कारोबार से बढ़कर अब 'पुष्प' और 'मुनीमजी' ब्रांड के तहत काम करने वाली पैकेड खाद्य कंपनी बन गई है। कंपनी शुद्ध एवं मिश्रित मसाले, साबुत मसाले, हींग तथा अन्य उत्पाद पेश करती है। 31 मार्च, 2026 तक उसके उत्पादों की 312 श्रेणियां (एसकेयू) थीं। कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 'पुष्प कड़क चाय' पेश करने की योजना भी बना रही है। वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी का वितरण नेटवर्क 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैला था। इसके 1,016 वितरक और 3.68 लाख से अधिक खुदरा बिक्री केंद्र थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary