शेयर बाजार में बहारः सेंसेक्स 480 अंक उछला, निफ्टी 15900 के पार

Friday, May 13, 2022 - 10:12 AM (IST)

मुंबईः सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन आखिरकार भारतीय शेयर बाजार पांच दिन की गिरावट से उबरता हुआ नजर आया। बाजार के दोनों सूचकांकों ने हरे निशान पर शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 480 अंक या 0.91 फीसदी बढ़कर 53,410 के स्तर पर खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने 164 अंक या 1.04 फीसदी उछलकर 15,972 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। मार्केट खुलने के साथ वलगभग 1486 शेयरों में तेजी आई, 397 शेयरों में गिरावट आई और 72 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी
BSE के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी तेजी। मिडकैप इंडेक्स 459 पॉइंट या 2.12% की तेजी के साथ 22,104 के करीब कारोबार कर रहा है। स्मॉलकैप इंडेक्स 535 पॉइंट या 2.14% की बढ़त के साथ 25,530 के करीब कारोबार कर रहा है।

मिडकैप में सबसे ज्यादा 10% की तेजी आरबीएल बैंक के स्टॉक में है। आईआरसीटीसी, अडाणी पावर और रुचि सोया में भी करीब 5% की तेजी है। स्मॉलकैप में SEPC, रतन इंडिया, टाटा एलेक्सी, साउथ इंडियन बैंक में तेजी का रुख है।

बीते दिन आई थी बड़ी गिरावट 
बीते कारोबारी सत्र गुरुवार को शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। दिनभर के कारोबार के अंत में बीएसई का सेंसेक्स 1158 अंक या 2.14 फीसदी फिसलकर 52,930 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 359 अंक या 2.22 फीसदी की गिरावट के साथ 15,808 के स्तर तक लुढ़क गया था। इससे पहले ही दोनों सूचकांकों में पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार से गिरावट का सिलसिला लगातार जारी था।  
 

jyoti choudhary

Advertising