NSE का 22,569 करोड़ रुपए का IPO शुरू, पहले दिन अब तक 9% अभिदान

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 12:13 PM (IST)

नई दिल्लीः नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) का 22,569 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) बृहस्पतिवार को अभिदान के लिए खुल गया। बोली के पहले दिन अब तक निर्गम को नौ प्रतिशत अभिदान मिला है। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वाह्न 10 बजकर 16 मिनट तक 8,86,42,911 शेयर की पेशकश के मुकाबले 81,99,336 शेयर के लिए बोलियां मिलीं। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 15 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से में 12 प्रतिशत अभिदान मिला।

एनएसई ने बुधवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 6,746 करोड़ रुपए जुटाए थे। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), गोल्डमैन सैक्स और फिडेलिटी शामिल हैं। इसके अलावा, सॉवरेन वेल्थ फंड जीआईसी सिंगापुर, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (एडीआईए) और नॉर्गेस बैंक के साथ ईस्टस्प्रिंग और एचएसबीसी ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट ने भी बड़े निवेशकों की बोली में हिस्सा लिया।

मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 12.64 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) वाला यह निर्गम 2024 में हुंदैमोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपए के आईपीओ के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है। एनएसई ने आईपीओ के लिए 1,700-1,785 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 4.2 लाख करोड़ रुपए से 4.42 लाख करोड़ रुपए के बीच होगा। यह निर्गम 21 सितंबर को बंद होगा। एनएसई का शेयर 24 सितंबर को बाजार में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News