अब बिना LPG कनेक्शन के भी मिलेगा सिलेंडर, इंस्टामार्ट और HPCL ने शुरू की नई सुविधा, जानिए नियम

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 03:34 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अगर आपके घर में एलपीजी गैस कनेक्शन नहीं है, तो अब आपको गैस सिलेंडर के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसमें ग्राहक बिना नियमित एलपीजी कनेक्शन के भी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

इस साझेदारी के तहत देश में पहली बार किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू की गई है। शुरुआत में यह सुविधा बेंगलुरु में उपलब्ध कराई गई है।

कैसे कर सकेंगे सिलेंडर बुक?

इंस्टामार्ट से एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर करने के लिए ग्राहकों को पहले केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पहचान सत्यापन के बाद ही ऑर्डर को मंजूरी दी जाएगी। डिलीवरी के समय सुरक्षा नियमों के तहत जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रिफिल के लिए ग्राहक को खाली सिलेंडर वापस करना होगा।

इंस्टामार्ट पर किए गए सभी ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के जरिए पूरे किए जाएंगे। प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मचारी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सिलेंडर पहुंचाएंगे।

कौन-कौन से सिलेंडर मिलेंगे?

इस सुविधा के तहत ग्राहक एचपीसीएल का 10 किलोग्राम HP Navya कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाला मेटल एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर छात्रों, किराए के घरों में रहने वाले लोगों, छोटे परिवारों और कामकाजी लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है।

सुरक्षा के लिए नए फीचर्स

HPCL के अनुसार, HP Navya कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का और जंग से सुरक्षित है। इसकी पारदर्शी बॉडी की वजह से ग्राहक सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी देख सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जो अतिरिक्त सिलेंडर रखना चाहते हैं।

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी डिलीवरी की यह पहल गैस सिलेंडर बुकिंग के पारंपरिक तरीके में बदलाव ला सकती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News