जियो पेमेंट सॉल्यूशंस ने सीमा पार भुगतान सुविधा शुरू की

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 06:24 PM (IST)

नई दिल्लीः जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी जियो पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड (JPSL) ने सीमा पार भुगतान मंच शुरू करने की घोषणा बुधवार को की है। इस सुविधा का मकसद भारतीय निर्यातकों को वैश्विक ग्राहकों से अंतरराष्ट्रीय भुगतान स्वीकार करने में मदद करना और उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धी क्षमता को बढ़ाना है। जेपीएसएल की नई सुविधा के जरिये घरेलू निर्यातक वर्चुअल खातों, अंतरराष्ट्रीय कार्ड और स्थानीय भुगतान माध्यमों से विदेशी ग्राहकों से भुगतान प्राप्त कर सकेंगे। 

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा कि यह पहल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से पेमेंट एग्रीगेटर फॉर क्रॉस बॉर्डर (पीए-सीबी) के रूप में काम करने की मंजूरी मिलने के बाद शुरू की गई है। इस सुविधा के तहत निर्यात और आयात दोनों लेनदेन आएंगे। जेपीएसएल ने कहा कि ऑनलाइन विक्रेताओं, डिजिटल कारोबारियों, स्वतंत्र पेशेवरों, 'क्रिएटर्स' समेत अधिक से अधिक भारतीय व्यवसाय वैश्विक स्तर पर विस्तार कर रहे हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय भुगतान प्राप्त करने की प्रक्रिया अब भी जटिल और बिखरी हुई है। 

कंपनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय भुगतान प्रक्रिया में अक्सर कई भागीदारों, अलग-अलग मुद्राओं, अधिक कागजी कार्यवाही और मैनुअल मिलान जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जेपीएसएल के अनुसार, उसका नया मंच वैश्विक भुगतान प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाएगा, नियमों के अनुपालन में मदद करेगा और कारोबारियों को अलग-अलग देशों के ग्राहकों को उनकी पसंद के स्थानीय भुगतान विकल्प उपलब्ध कराने में सक्षम बनाएगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News