BSNL व MTNL के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं: सिन्हा

punjabkesari.in Friday, May 18, 2018 - 06:30 PM (IST)

मुंबईः दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा ने आज कहा कि सार्वजनिक दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम (बी.एस.एन.एल.) तथा महानगर दूरसंचार निगम (एम.टी.एन.एल.) के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है। मंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। 

उन्होंने कहा, ‘बी.एस.एन.एल. व एम.टी.एन.एल. के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है। हमने एम.टी.एन.एल. के पुनरोद्धार के लिए एक परामर्शक नियुक्त किया था जिसने कुछ सुझाव दिए। हम उन पर काम कर रहे हैं।’ उन्होंने इन सुझावों का ब्यौरा तो नहीं दिया लेकिन कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की इन कंपनियों के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है।

एम.टी.एन.एल. दिल्ली व मुंबई में दूरसंचार सेवाएं देती हैं जबकि बी.एस.एन.एल. का परिचालन बाकी देश में है। वह सरकार की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का कार्यान्वयन भी कर रही है। हाल ही में एक खबर में कहा गया था कि सार्वजनिक क्षेत्र की सभी दूरसंचार कंपनियों के विलय का एक प्रस्ताव सरकार को दिया गया है। यहां ‘5जी’ प्रौद्योगिकी पर एक कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि देश को सभी नवीनतम दूरसंचार सेवाएं मिलें। उन्होंने कहा, ‘5जी को अमली जामा पहनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है और हम इसको लेकर गंभीर हैं।’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News