नीता अंबानी को नया मुकाम, अमरीका के सबसे बड़े आर्ट म्यूजियम में हासिल की यह बड़ी उपलब्‍धि

Wednesday, Nov 13, 2019 - 03:01 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने अमरीका में बड़ी उपलब्‍धि हासिल की है। दरअसल नीता अंबानी को न्यूयॉर्क स्थित मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के ट्रस्ट में चुना गया है। इसी के साथ नीता अंबानी इस म्यूजियम के 150 साल के इतिहास में ट्रस्टी बनने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।

म्यूजियम के चेयरमैन ने जताई खुशी
नीता अंबानी के ट्रस्टी बनने की घोषणा स्वयं म्यूजियम के चेयरमैन डैनियल ब्रोडस्की ने की है। ब्रोडस्की ने कहा की अंबानी के बोर्ड में शामिल होने से म्यूजियम की क्षमताओं में बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने कहा, 'भारतीय कला और कल्चर को संरक्षित व प्रोत्साहित करने की नीता अंबानी की प्रतिबद्धता वास्तव में असाधारण है। उनके ट्रस्टी बनने से म्यूजियम की क्षमताओं में बढ़ोत्तरी होगी। हमें उन्हें बोर्ड में शामिल करते हुए बड़ी खुशी हो रही है।'

म्यूजियम में 5000 साल पुरानी कलाकृतियां मौजूद
मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के ट्रस्ट में चुने जाने के मौके पर नीता अंबानी ने कहा की इससे वे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के और ज्यादा प्रयास कर पाएंगी। उन्होंने कहा, 'मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट पिछले कई सालों से भारतीय कला में दिलचस्पी ले रहा है। वैश्विक मंचों पर म्यूजियम की भारतीय कला के प्रति रूचि ने मुझे प्रभावित किया है। देश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के लिए मेरे प्रयासों को दोगुना करने में यह सम्मान मेरी मदद करेगा।' बता दें कि मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम 149 साल पुराना है। यहां दुनियाभर की 5000 साल पुरानी कलाकृतियां भी मौजूद हैं। हर साल लाखों लोग म्यूजियम देखने पहुंचते हैं। इनमें कई अरबपति और सेलेब्रिटी भी होते हैं।

Supreet Kaur

Advertising