डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में 22% का उछाल, मौजूदा वित्त वर्ष में अब तक ₹10.60 लाख करोड़ आए सरकार की झोली में

punjabkesari.in Friday, Nov 10, 2023 - 03:53 PM (IST)

नई दिल्लीः शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में अबतक 22 प्रतिशत बढ़कर 10.60 लाख करोड़ रुपए रहा। यह बजट में तय लक्ष्य का 58 प्रतिशत से ऊपर है। आयकर विभाग ने शुक्रवार को कहा कि शुद्ध रूप से कंपनी कर संग्रह 12.48 प्रतिशत और व्यक्तिगत आयकर 31.77 प्रतिशत बढ़ा। 

विभाग ने बयान में कहा, ‘‘कर रिफंड के बाद प्रत्यक्ष कर संग्रह 10.60 लाख करोड़ रुपए रहा। यह पिछले साल इसी अवधि में कर संग्रह के मुकाबले 21.82 प्रतिशत अधिक है।'' बयान के अनुसार, ‘‘ यह संग्रह वित्त वर्ष 2023-24 के लिए प्रत्यक्ष कर संग्रह मद में निर्धारित कुल लक्ष्य का 58.15 प्रतिशत है।'' करदाताओं को एक अप्रैल से नौ नवंबर 2023 के बीच 1.77 लाख करोड़ रुपए वापस किए गए हैं। सकल आधार पर प्रत्यक्ष कर संग्रह 17.59 प्रतिशत बढ़कर 12.37 लाख करोड़ रुपए रहा। 

प्रत्यक्ष कर में व्यक्तिगत आयकर और कंपनी कर शामिल है। कंपनी कर संग्रह इस दौरान 7.13 प्रतिशत बढ़ा जबकि व्यक्तिगत आयकर 28.29 प्रतिशत बढ़ा। वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में प्रत्यक्ष कर संग्रह 18.23 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान रखा गया है। यह 2022-23 के 16.61 लाख करोड़ रुपए के मुकाबले 9.75 प्रतिशत अधिक है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News