अमेरिकी नीतियों में बदलाव से Musk, Bezos, Zuckerberg को बड़ा झटका, नेटवर्थ में आई गिरावट
punjabkesari.in Tuesday, Mar 11, 2025 - 12:05 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की कुल संपत्ति में इस साल भारी गिरावट दर्ज की गई है। टेस्ला के शेयरों में गिरावट, बाजार की अस्थिरता और अमेरिकी नीतियों में बदलाव के कारण उनकी नेटवर्थ में लगातार कमी आ रही है। सोमवार को उनकी संपत्ति 29 अरब डॉलर कम हो गई, जबकि इस साल की शुरुआत से अब तक 132 अरब डॉलर की गिरावट देखी जा चुकी है।
मस्क की संपत्ति में गिरावट क्यों आई?
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, दिसंबर 2024 में उनकी कुल संपत्ति 486 अरब डॉलर के शिखर पर थी लेकिन टेस्ला के शेयरों में गिरावट, निवेशकों की चिंता और प्रमुख बाजारों में बिक्री में कमी के कारण उनकी संपत्ति में भारी गिरावट देखी गई।
यह गिरावट केवल मस्क तक सीमित नहीं है। अन्य दिग्गज अरबपतियों जेफ बेजोस, सर्गेई ब्रिन, मार्क जुकरबर्ग और बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति में भी बड़ी गिरावट आई है। इन अरबपतियों ने डोनॉल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक 209 अरब डॉलर गंवा दिए हैं। बाजार में गिरावट और अमेरिका की सरकारी नीतियों में अस्थिरता को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
टेस्ला की बिक्री में भारी कमी
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में लगातार गिरावट जारी है। इसका मुख्य कारण टेस्ला की बिक्री में भारी कमी और बाजार की अस्थिरता को माना जा रहा है। जर्मनी में कंपनी की ऑर्डर बुक 70% से अधिक गिर गई, जबकि चीन से होने वाली टेस्ला की शिपमेंट में 49% की भारी गिरावट आई है। यह जुलाई 2022 के बाद का सबसे निचला स्तर है।
इसके अलावा, अमेरिकी बाजारों में ब्याज दरों में बढ़ोतरी और EV सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने भी टेस्ला के शेयरों पर दबाव बनाया है। नतीजतन, मस्क की नेटवर्थ में गिरावट जारी है।
जेफ बेजोस की संपत्ति में 29 अरब डॉलर की गिरावट
Amazon के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जेफ बेजोस की संपत्ति में 29 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट तब आई जब अमेज़न के शेयरों में 14% की गिरावट आई। बढ़ती महंगाई और उपभोक्ता खर्च में कमी के चलते ई-कॉमर्स सेक्टर पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे बेजोस की नेटवर्थ प्रभावित हुई है।
मार्क जुकरबर्ग को 5 अरब डॉलर का नुकसान
मेटा (Meta) के शेयरों में 2025 की शुरुआत में बढ़त देखने को मिली थी लेकिन बाद में कंपनी के एड रेवेन्यू और यूजर ग्रोथ से जुड़ी चिंताओं के कारण शेयरों में गिरावट आई। इससे मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में 5 अरब डॉलर की कमी आई है।
Bernard Arnault और Sergey Brin को भी बड़ा झटका
LVMH के मालिक Bernard Arnault को भी 5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। अमेरिकी टैरिफ नीतियों और यूरोपीय बाजारों में कमजोर मांग के कारण लग्जरी सेक्टर प्रभावित हो रहा है।
Google की पैरेंट कंपनी Alphabet के सह-संस्थापक Sergey Brin को भी बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी न्याय विभाग की एंटीट्रस्ट जांच और कमजोर तिमाही नतीजों के चलते उनकी संपत्ति में 22 अरब डॉलर की गिरावट आई है।