पूर्णबंदी से अब तक इंडिगो की 50 हजार से अधिक उड़ानें

Saturday, Sep 12, 2020 - 03:44 PM (IST)

नई दिल्लीः किफायती विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने मार्च में पूर्णबंदी लागू होने के बाद से 50 हजार से अधिक उड़ानें भरने की उपलब्धि हासिल कर ली है। इंडिगो ने शनिवार को बताया कि घरेलू मार्गों पर शुरू की गई नियमित यात्री उड़ानों के साथ ही चाटर्ड यात्री उड़ानों, चाटर्ड मालवहन उड़ानों, द्विपक्षीय समझौतों के तहत शुरू की गई उड़ानों और वंदे भारत मिशन की उड़ानों को मिलाकर आज उसकी उड़ानों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह देश की पहली एयरलाइन है। 

यात्रियों की संख्या के लिहाज से इंडिगो देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी है। घरेलू मार्गों पर नियमित उड़ानों के यात्रियों की संख्या में उसकी हिस्सेदारी पूर्णबंदी से पहले 50 प्रतिशत से कुछ कम थी जो पूर्णबंदी के बाद जुलाई में बढ़कर 60 फीसदी को पार कर गई है। इंडिगो ने बताया कि आज सुबह दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना के लिए रवाना हुई उड़ान संख्या 6ई 494 के साथ ही पूर्णबंदी के बाद की 50 हजार उड़ानों की उपलब्धि उसने हासिल कर ली। इस दौरान वह 47,865 घरेलू और 1,799 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन कर चुकी है। अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में उसने पश्चिम एशिया, मध्य एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और दक्षिण एशिया के देशों की उड़ान भरी है। 

jyoti choudhary

Advertising