सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक 428 परियोजनाओं में देरी

punjabkesari.in Sunday, Jan 29, 2023 - 10:29 AM (IST)

नई दिल्लीः सड़क परिवहन और राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक 428 परियोजनाएं लंबित हैं। इसके बाद रेलवे की 117 और पेट्रोलियम क्षेत्र में 88 परियोजनाएं देरी से चल रही हैं। सरकार की एक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। बुनियादी ढांचा क्षेत्र की परियोजनाओं पर दिसंबर, 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, सड़क परिवहन और राजमार्ग क्षेत्र में 724 में से 428 परियोजनाओं में देरी हो रही है। रेलवे की 173 में से 117 परियोजनाएं अपने समय से पीछे चल रही हैं। वहीं पेट्रोलियम क्षेत्र की 158 में से 88 परियोजनाएं अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं। 

अवसंरचना एवं परियोजना निगरानी प्रभाग (आईपीएमडी) 150 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली केंद्रीय क्षेत्र की परियोजनाओं की निगरानी करता है। आईपीएमडी, सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत आता है। रिपोर्ट से पता चलता है कि मुनीराबाद-महबूबनगर रेल परियोजना सबसे अधिक देरी वाली परियोजना हैं। यह अपने निर्धारित समय से 276 महीने पीछे है। दूसरी सबसे देरी वाली परियोजना उधमपुर-श्रीनगर-बारापूला रेल परियोजना है। इसमें 247 माह का विलंब है। इसके अलावा बेलापुर-सीवुड शहरी विद्युतीकरण दोहरी लाइन परियोजना अपने निर्धारित समय से 228 महीने पीछे है। दिसंबर, 2022 की रिपोर्ट में 150 करोड़ रुपए या इससे अधिक की लागत वाली 1,438 केंद्रीय क्षेत्र की परियोजनाओं का ब्योरा है। रिपोर्ट के अनुसार, 835 परियोजनाएं अपने मूल समय से पीछे हैं। वहीं 174 परियोजनाएं ऐसी हैं जिनमें पिछले माह की तुलना में विलंब की अवधि और बढ़ी है। इन 174 परियोजनाओं में से 47 विशाल यानी 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं हैं। 

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि 724 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 3,82,180.34 करोड़ रुपए थी, जिसके अब बढ़कर 4,02,958.36 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। इस तरह इन परियोजनाओं की लागत 5.4 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। दिसंबर, 2022 तक इन परियोजनाओं पर 2,35,925.26 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं, जो मूल लागत का 58.5 प्रतिशत है। इसी तरह रेलवे क्षेत्र में 173 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 3,72,761.45 करोड़ रुपए थी, जिसे बाद में संशोधित कर 6,25,491.15 करोड़ रुपए कर दिया गया। इस तरह इनकी लागत में 67.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन परियोजनाओं पर दिसंबर, 2022 तक 3,65,079.88 करोड़ रुपए या परियोजनाओं की अनुमानित लागत का 58.4 प्रतिशत खर्च किया जा चुका है। 

पेट्रोलियम क्षेत्र की 158 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 3,82,097.19 करोड़ रुपए थी लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 4,02,446.01 करोड़ रुपए कर दिया गया। इन परियोजनाओं की लागत में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दिसंबर 2022 तक इन परियोजनाओं पर 1,54,240.87 करोड़ रुपए या उनकी अनुमानित लागत का 38.3 प्रतिशत खर्च हो चुका है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News