अगस्त में औद्योगिक उत्पादन 8% बढ़ा, मैन्युफैक्चरिंग और बिजली क्षेत्र ने दी रफ्तार

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 06:09 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के औद्योगिक उत्पादन में अगस्त 2026 में सालाना आधार पर 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई में औद्योगिक उत्पादन (आई.आई.पी.) 7.4 प्रतिशत बढ़ा था। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एन.एस.ओ.) के सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, विनिर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और बिजली एवं गैस आपूर्ति में मजबूत वृद्धि से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिली।

अगस्त में विनिर्माण उत्पादन 9 प्रतिशत बढ़ा, जबकि बिजली एवं गैस आपूर्ति क्षेत्र में 12.3 प्रतिशत की वृद्धि प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि, खनन क्षेत्र का प्रदर्शन कमजोर रहा और इसमें सालाना आधार पर 5.6 प्रतिशत की गिरावट आई। अगस्त 2025 में खनन उत्पादन 15.8 प्रतिशत बढ़ा था।

सरकार ने जुलाई के IIP आंकड़े को भी संशोधित किया है। पहले जुलाई में 6.7 प्रतिशत की अस्थायी वृद्धि का अनुमान लगाया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 7.4 प्रतिशत कर दिया गया है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अगस्त के दौरान IIP की वृद्धि दर 6.7 प्रतिशत रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 4.2% थी।

विनिर्माण क्षेत्र के 23 में से 18 उद्योग समूहों में अगस्त में वृद्धि दर्ज हुई। वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर विनिर्माण में 25.2%, विद्युत उपकरणों में 30.9% और अन्य परिवहन उपकरणों में 25.3% की वृद्धि हुई।

उपयोग आधारित वर्गीकरण में पूंजीगत वस्तुओं का उत्पादन 16.9%, मध्यवर्ती वस्तुओं का 13.7% और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का 11.1% बढ़ा। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि में मध्यवर्ती, पूंजीगत और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का प्रमुख योगदान रहा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News