इस सप्ताह सेंसेक्स में आई 1500 से ज्यादा अंकों की गिरावट, निवेशकों को हुआ 3.2 लाख करोड़ का नुकसान
Sunday, Mar 06, 2022 - 10:45 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः शेयर बाजार के लिए यह सप्ताह बहुत बुरा रहा। इस सप्ताह सेंसेक्स में 1525 अंकों की गिरावट (2.73 फीसदी) दर्ज की गई। आखिरी कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 54333 के स्तर पर और निफ्टी 16245 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स इस सप्ताह आठ महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ है। BSE लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 246.79 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह BSE का मार्केट कैप 249.97 लाख करोड़ रुपए रहा था। इस सप्ताह शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में 3.18 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई। यूक्रेन पर रूस के हमले से ग्लोबल मार्केट पर काफी दबाव है। इसके अलावा फेडरल रिजर्व इंट्रेस्ट रेट में भी बढ़ोतरी कर सकता है।
विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार निकासी कर रहे हैं। मार्च में अब तक फॉरन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स शेयर बाजार से 14721 करोड़ की निकासी कर चुके हैं। इस साल अब तक FPI ने शेयर बाजार से कुल 83616 करोड़ की निकासी की है।
घरेलू निवेशक लगातार खरीद रहे हैं
एक तरफ विदेशी निवेशक बिकवाली कर रहे हैं। दूसरी तरफ डोमेस्टिक इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी DIIs बड़े पैमाने पर खरीदारी कर रहे हैं। पिछले पांच महीने से DII की खरीदारी की बात करें तो फरवरी में इन्होंने 42084 करोड़, जनवरी में 21928 करोड़, दिसंबर में 31231 करोड़, नवंबर में 30560 करोड़ और अक्टूबर में 4471 करोड़ की खरीदारी की।