रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ बाजार, निफ्टी पहली बार 9250 के पार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2017 - 04:01 PM (IST)

नई दिल्लीः मार्कीट रिजर्व बैंक की पॉलिसी समीक्षा के संकेतों का इंतजार कर रहा है जिसकी वजह से मार्कीट में नई खरीद देखने को नहीं मिल रही है। आज घरेलू बाजारों में दिन के निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी देखने को मिली है। निफ्टी 9250 के ऊपर बंद हुआ है, जबकि सैंसेक्स 30000 के करीब बंद हुआ है। निफ्टी ने आज 9273.9 का ऊपरी स्तर छूआ, तो सैंसेक्स ने 30007.5 तक दस्तक दी थी। सैंसेक्स 64.02 अंक यानि 0.21 फीसदी की तेजी के साथ 29,974.24 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एन.एस.ई. का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 27.3 अंक यानि 0.3 फीसदी की मजबूती के साथ 9,265 के स्तर पर बंद हुआ है।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में बढ़त
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है, निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.75 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा मजबूत होकर बंद हुआ है।

बैंक निफ्टी में तेजी
रियल्टी, मेटल, ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और पावर शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला है। बैंक निफ्टी 0.5 फीसदी बढ़कर 21,652.7 के स्तर पर बंद हुआ है। निफ्टी के पी.एस.यू. बैंक इंडेक्स में करीब 1.5 फीसदी और प्राइवेट सेक्टर बैंक इंडेक्स में करीब 0.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। निफ्टी के मेटल इंडेक्स में 1 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 1.1 फीसदी की तेजी आई है। बी.एस.ई. के रियल्टी इंडेक्स में 4 फीसदी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स में 2.4 फीसदी, कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 1.5 फीसदी, ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 0.7 फीसदी और पावर इंडेक्स में 0.5 फीसदी की मजबूती आई है।

आई.टी. और एफ.एम.सी.जी. में गिरावट
आईटी और एफ.एम.सी.जी. शेयरों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी का आई.टी. इंडेक्स 0.8 फीसदी गिरकर बंद हुआ है और एफ.एम.सी.जी. इंडेक्स में 0.25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

रिलायंस 9 साल के नए उच्चतम स्तर पर पहुंचा 
रिलायंस इंडस्ट्रीज आज एक बार फिर 9 साल के नए उच्चतम स्तर पर पहुंचा है। आज के कारोबार में स्टॉक 1415 के लेवल पर पहुंच गया। फिलहाल स्टॉक में 2.94 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News