ED को मिली अहम जानकारी, माल्या ने लोन के पैसे F1 रेसिंग पर उड़ाए

punjabkesari.in Thursday, Oct 05, 2017 - 09:52 AM (IST)

नई दिल्लीः बैंकों से करोड़ों रुपए का लोन लेने के बाद लंदन फरार हुए भगौड़े कारोबारी विजय माल्या पर प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) ने अहम जानकारी हासिल की है। ई.डी. के अधिकारियों के अनुसार माल्या ने फॉर्म्युला वन (F1) में बैंकों से लिए लोन का पैसा लगा दिया। जानकारी के मुताबिक, माल्या ने आईडीबीआई बैंक से लिए लोन का हिस्सा (53.69 करोड़ रुपए) देश से बाहर दो किश्तों (42 करोड़ और 12 करोड़) में फॉर्म्युला वन टीम को फंड करने के लिए भेज दिए।
PunjabKesari
अधिकारियों ने बताया कि पैसे को बैंक ऑफ बड़ौदा के किंगफिशर एयरलाइंस के अकाउंट से फोर्स इंडिया में ट्रांसफर कर दिया गया। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि किंगफिशर एयरलाइंस जो खुद बुरी हालत में थी वह कैसे माल्या की टीम को फंड ट्रांसफर करती रही। 2008 से फॉर्म्युला वन रेसिंग में उतरने वाली फोर्स इंडिया पर मालिकाना हक संयुक्त रूप से विजय माल्या और जेल में बंद सहारा इंडिया परिवार के बॉस सुब्रत रॉय का है। ई.डी. अधिकारियों ने बताया कि एक समय पर सुब्रत रॉय ने माल्या की टीम में आधी हिस्सेदारी खरीद ली थी।

लंदन में हुई थी गिरफ्तारी
बता दें कि लंदन में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद माल्या को कुछ ही समय में बेल मिल गई थी। इससे पहले अप्रैल 2017 में भी माल्या को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें तुरंत बेल भी मिल गई थी। ई.डी. अधिकारियों ने बताया कि आईडीबीआई से माल्या ने 950 करोड़ रुपए का लोन लिया था, जिसका एक हिस्सा अक्टूबर 2009 में लंदन में ट्रांसफर कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, लंदन ट्रांसफर किए गए पैसे को माल्या ने अपनी फोर्स इंडिया फॉर्म्युला वन टीम में लगा दिया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News