UPI Rule Changes: आज से बदल गए UPI के बड़े नियम, जान लें क्या हुआ बदलाव!
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 04:28 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः आज 14 फरवरी 2026 से UPI यूजर्स के लिए कई नए नियम लागू हो गए हैं। NPCI ने ये बदलाव UPI सिस्टम को तेज, सुरक्षित और बैंक सर्वर पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के लिए किए हैं। आज देश में लोग Google Pay, PhonePe और Paytm जैसी ऐप्स से रोजाना पेमेंट करते हैं, इसलिए ये नए नियम आम यूजर्स और व्यापारियों दोनों पर लागू होंगे।
बैलेंस चेक की नई लिमिट
अब हर UPI ऐप पर एक दिन में सिर्फ 50 बार बैंक अकाउंट बैलेंस चेक किया जा सकेगा। अगर कोई व्यक्ति दो ऐप्स इस्तेमाल करता है तो कुल मिलाकर 100 बार बैलेंस चेक कर पाएगा। इससे बैंक सर्वर पर अनावश्यक लोड कम होगा और ट्रांजेक्शन ज्यादा स्मूथ रहेंगे।
अकाउंट डिटेल्स देखने पर भी सीमा
लिंक्ड बैंक अकाउंट की डिटेल्स देखने के लिए “लिस्ट अकाउंट API” की रिक्वेस्ट अब हर ऐप में दिन में सिर्फ 25 बार ही हो सकेगी। यह नियम सिस्टम पर बढ़ते दबाव को कम करने और UPI की स्पीड बेहतर बनाए रखने के लिए लागू किया गया है। आम यूजर्स पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि ज्यादातर लोग इतनी बार अकाउंट डिटेल्स चेक नहीं करते।
क्रेडिट लाइन से पेमेंट का नया फीचर
अगस्त 2026 से UPI पर प्री-अप्रूव्ड क्रेडिट लाइन से पेमेंट और पैसे निकालने की सुविधा शुरू होगी। फरवरी से इसकी तैयारी से जुड़े कुछ नियम लागू किए गए हैं। यह सुविधा क्रेडिट कार्ड जैसी होगी लेकिन बिना फिजिकल कार्ड के, जिससे छोटे लोन और डिजिटल पेमेंट्स और आसान हो जाएंगे।
क्यों किए गए ये बदलाव
UPI पर हर दिन लाखों करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन होते हैं। फेल ट्रांजेक्शन कम करने, फ्रॉड रोकने और सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए ये नए नियम लागू किए गए हैं। इससे यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित और तेज डिजिटल पेमेंट अनुभव मिलेगा।
