9 महीने में महाराष्ट्र ने हासिल किया नया कीर्तिमान, FDI में सबसे आगे

punjabkesari.in Friday, Mar 07, 2025 - 03:21 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः महाराष्ट्र में आर्थिक विकास को लेकर बड़ा उछाल देखा गया है, जहां प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 के पहले 9 महीनों में राज्य को पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक वार्षिक एफडीआई प्राप्त हुआ है।

फडणवीस ने दिसंबर 2024 के लिए केंद्र सरकार के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की विदेशी निवेश रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र ने इस अवधि में एफडीआई के मामले में ऐतिहासिक बढ़त दर्ज की है। इससे राज्य में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

महाराष्ट्र में 9 महीने में आया 1.39 लाख करोड़ का FDI

महाराष्ट्र ने वित्त वर्ष 2024-25 के पहले नौ महीनों में 1,39,434 करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आकर्षित किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पिछले 10 वर्षों में किसी एक वर्ष में राज्य में प्राप्त सबसे अधिक एफडीआई है।

DPIIT द्वारा दिसंबर 2024 तक संकलित आंकड़ों के अनुसार, एफडीआई प्रवाह में महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर है। इसके बाद कर्नाटक और गुजरात का स्थान है। बढ़ते निवेश से राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को नई गति मिलने की उम्मीद है।

महायुति सरकार ने तोड़ा अपना ही पिछला आंकड़ा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महायुति सरकार ने वित्त वर्ष 2016-17 का अपना ही एफडीआई रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, "यह उपलब्धि तब हासिल हुई है, जब चालू वित्त वर्ष की अभी एक तिमाही बाकी है।"
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News