लेजर पावर एंड इंफ्रा का IPO नौ जुलाई को खुलेगा, मूल्य दायरा 203-214 रुपए प्रति शेयर
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 04:08 PM (IST)
नई दिल्लीः एकीकृत बिजली केबल एवं विद्युत पारेषण उत्पाद बनाने वाली लेजर पावर एंड इंफ्रा लिमिटेड (एलपीआईएल) ने अपने 742 करोड़ रुपए के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 203-214 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि यह आईपीओ नौ जुलाई को खुलेगा और 13 जुलाई को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक आठ जुलाई को बोली लगा पाएंगे।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कोलकाता मुख्यालय वाली कंपनी का मूल्यांकन लगभग 3,000 करोड़ रुपए होगा। आईपीओ 542 करोड़ रुपए के नए शेयर और 200 करोड़ रुपए के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। कंपनी नए शेयर जारी करने से प्राप्त राशि का उपयोग मुख्य रूप से 490 करोड़ रुपए के बकाया कर्ज के पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान के लिए करेगी। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
