कीस्टोन रियल्टर्स की जून तिमाही में बिक्री बुकिंग 42% घटकर 617 करोड़ रुपए रही

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 12:10 PM (IST)

नई दिल्लीः रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी कीस्टोन रियल्टर्स लिमिटेड की बिक्री बुकिंग चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 42 प्रतिशत घटकर 617 करोड़ रुपए रह गई। कीस्टोन रियल्टर्स लिमिटेड ने वित्त 2025-26 की समान तिमाही में मुख्य रूप से आवासीय संपत्तियों की 1,068 करोड़ रुपए की बिक्री की थी। मुंबई स्थित रियल एस्टेट कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही के लिए अपने तिमाही कारोबारी प्रदर्शन की जानकारी साझा की है। 

कीस्टोन रियल्टर्स ने कहा, "वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कोई नई परियोजना शुरू करने की योजना नहीं थी। ऐसे में बिक्री मुख्य रूप से मौजूदा परियोजनाओं की स्थिर मांग से समर्थित रही, जो खरीदारों की लगातार रुचि और कंपनी की परियोजनाओं में घर खरीदारों के भरोसे को दर्शाती है।" कंपनी ने कहा कि वैश्विक स्थिति में स्थिरता से आर्थिक माहौल में सुधार आने की उम्मीद है और इससे आगामी तिमाहियों में बिक्री में तेजी आने की संभावना है। 

कंपनी को ग्राहकों से प्राप्त होने वाली राशि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बढ़कर 599 करोड़ रुपए हो गई, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 575 करोड़ रुपए थी। कीस्टोन रियल्टर्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) बोमन ईरानी ने कहा, "वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही साल की स्थिर शुरुआत को दर्शाती है और हम वित्त वर्ष 2025-26 में हासिल मजबूत गति को आगे बढ़ा रहे हैं।"  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News